DEHRADUNDM DEHRADUNNational

सेवायोजन अधिकारियों का पांच दिवसीय सर्टिफाइड करियर डेवलपमेंट प्रशिक्षण संपन्न

देहरादून।
जनपद देहरादून के सुदधोवाला स्थित Center for Research and Training in Financial Institute में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय सर्टिफाइड करियर डेवलपमेंट प्रोफेशनल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।


यह प्रशिक्षण बेंगलुरु स्थित प्रतिष्ठित संस्था International School of Counseling and Holistic Studies के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के निदेशालय स्तर से लेकर जनपद स्तर तक के सभी सेवायोजन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

समापन सत्र में विभागीय सचिव श्री रविशंकर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में युवाओं को सही करियर दिशा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अधिकारी राज्य के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाएंगे, जिससे छात्रों में करियर के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

प्रशिक्षण के दौरान संस्था की ओर से श्री कृष्णा अय्यर एवं श्रीमती ममता तनेजा ने आधुनिक करियर काउंसलिंग तकनीक, मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, अभिरुचि परीक्षण, करियर योजना निर्माण एवं छात्रों की क्षमता के अनुरूप मार्गदर्शन जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र लिए।

कार्यक्रम का उद्देश्य सेवायोजन अधिकारियों को पेशेवर करियर काउंसलर के रूप में प्रशिक्षित कर राज्य के युवाओं को प्रभावी और वैज्ञानिक करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। विभाग का मानना है कि इस पहल से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसरों के चयन में मदद मिलेगी और प्रदेश में कौशल विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।