अश्ले हॉल चौक का नाम बदलकर “स्वर्गीय दिवाकर भट्ट चौक” करने की मांग, शिवसैनिकों ने किया प्रदर्शन
अश्ले हॉल चौक का नाम बदलकर “स्वर्गीय दिवाकर भट्ट चौक” करने की मांग, शिवसैनिकों ने किया प्रदर्शन
देहरादून, 10 मार्च।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित अश्ले हॉल चौक (Astley Hall Chowk) का नाम बदलकर स्वर्गीय दिवाकर भट्ट के नाम पर रखने की मांग को लेकर मंगलवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रमुख रवि गैरोला ने किया।





इस दौरान प्रदेश प्रमुख कुलभूषण राणा ने कहा कि स्वर्गीय दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख योद्धा, पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा “फील्ड मार्शल” के नाम से प्रसिद्ध रहे। उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वे जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे और पहाड़ से मैदान तक आंदोलन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में उनके निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई थी।
प्रदेश उप प्रमुख सौरभ नेगी ने कहा कि वर्तमान में अश्ले हॉल चौक का नाम ब्रिटिश कालीन व्यक्ति अथवा संरचना से जुड़ा हुआ है, जिसका अब विशेष ऐतिहासिक महत्व नहीं रह गया है। वहीं स्वर्गीय दिवाकर भट्ट उत्तराखंड के आधुनिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक शख्सियत रहे हैं।
प्रदेश उप प्रमुख सचिन दीक्षित ने कहा कि यदि इस चौक का नाम स्वर्गीय दिवाकर भट्ट के नाम पर रखा जाता है तो इससे राज्य आंदोलन के बलिदानियों को सम्मान मिलेगा, युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और देहरादून शहर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान भी मजबूत होगी।
प्रदेश संगठन सचिव कुलदीप नेगी ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शिवसेना देहरादून इकाई इस प्रस्ताव पर शीघ्र विचार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए चौक का नाम “स्वर्गीय दिवाकर भट्ट चौक” घोषित करने की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी बैठक, सहयोग या आंदोलन के लिए शिवसेना कार्यकर्ता तैयार हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश आईटी सेल सचिव सूरज सिंह रावत, प्रदेश संगठन सचिव कमल शर्मा, प्रदेश मीडिया सचिव नितिन रावत, गढ़वाल मंडल प्रमुख लक्ष्मण मनवाल, देहरादून महानगर उप प्रमुख रजत, वार्ड 65 प्रमुख अजय यादव, बिट्टू नेगी, लोकेंद्र पांडे, मनीष पनौली, आजाद गैरोला, रितिक, रिंकू, रंजीत सक्सेना, बलवीर नेगी, राजेश नौटियाल, विकास शर्मा, बृजमोहन डंगवाल, राजीव राणा, प्रदीप नेगी, विजय वर्मा, विष्णु बडोनी, अक्षय रमोला, सौरभ रावत, अभय प्रताप, विजय पवार, शिवम गोदियाल, बलवंत जौहरी, संजय रावत सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।
