रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर यूथ कांग्रेस और व्यापार मंडल का हल्ला बोल, प्रेमनगर चौक पर पुतला दहन
देहरादून:
प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ आज यूथ कांग्रेस और प्रेमनगर व्यापार मंडल ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर महंगाई के खिलाफ अपनी नाराज़गी जाहिर की।
प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री, राजेश शर्मा और राजीव पुंज ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण की मांग की।
यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।
वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहस्थी चलाने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ती है, जिससे हर जरूरी वस्तु की कीमत में वृद्धि हो जाती है और महंगाई लगातार बढ़ती जाती है।
व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हो जाती है, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को उठाना पड़ता है।
वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजार की रौनक कम होती जा रही है और व्यापार पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस और यूथ कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।
प्रदर्शन में संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश वाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, हेली, कुलदीप नरूला, हरदीप, इशू, मयंक, सोनू बिष्ट, पीयूष जोशी, प्रियांशु गौड़ और वंश सूद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
