CrimeDEHRADUNSSP Dehradun

प्रेमनगर में जंगल से सड़ी-गली हालत में महिला का शव बरामद, पहचान नहीं हो सकी

प्रेमनगर में जंगल से सड़ी-गली हालत में महिला का शव बरामद, पहचान नहीं हो सकी

देहरादून, 11 मार्च।
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल के अंदर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को जंगल के भीतर एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला, जो प्रथम दृष्टया लगभग 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने महिला की पहचान करने और घटना का खुलासा करने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।