DEHRADUNSSP Dehradun

ऑपरेशन क्रैकडाउन: पटेलनगर में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 संदिग्ध हिरासत में, 1.5 लाख का जुर्माना

देहरादून, 11 मार्च।
अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत देहरादून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में बड़ा सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 22 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जबकि किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 15 मकान मालिकों पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस, एसओजी, एएनटीएफ और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने आईएसबीटी के पास स्थित एमडीडीए फ्लैट्स परिसर में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 180 लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान कई लोग पहचान से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पुलिस ने एमडीडीए परिसर में संदिग्ध रूप से रह रहे 22 व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया।

इसके अलावा किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 15 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन पर कुल 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 8750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

देहरादून पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देशों पर पूरे जनपद में बाहरी राज्यों और जिलों से आकर रहने वाले व्यक्तियों, किरायेदारों और संदिग्ध लोगों के सत्यापन के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।