CM UTTRAKHANDDEHRADUNDM DEHRADUNEDUCATION

देहरादून में ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ से डिजिटल शिक्षा को रफ्तार, 168 स्कूलों में स्मार्ट टीवी इंस्टालेशन शुरू

देहरादून, 17 मार्च 2026
मा0 मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। सविन बंसल के निर्देशन में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू की जा रही है।

इस योजना के अंतर्गत कुल 884 स्मार्ट टीवी विद्यालयों में स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी कुल लागत 3.67 करोड़ रुपये है। सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की आपूर्ति पूरी हो चुकी है और इंस्टालेशन कार्य तेजी से जारी है।

स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल और डिजिटल पाठ्य सामग्री का उपयोग किया जाएगा, जिससे पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक बनेगी। विद्यार्थियों को DIKSHA Portal, PM eVIDYA और वर्चुअल कक्षाओं जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

परियोजना के तहत विद्यालयों की आवश्यकता अनुसार 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं। इसके लिए धनराशि जिला खनन न्यास से उपलब्ध कराई गई है। इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा 5 करोड़ रुपये के CSR फंड से सभी सरकारी स्कूलों को फर्नीचर से सुसज्जित किया जा चुका है।

स्मार्ट टीवी की खरीद GeM Portal के माध्यम से पारदर्शी ई-टेंडर प्रक्रिया द्वारा की गई, जिसमें 12 फर्मों ने भाग लिया। तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद न्यूनतम दर वाली पात्र फर्म का चयन किया गया।

जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

डीएम सविन बंसल ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि जल्द ही सभी विद्यालयों को डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से पूरी तरह आच्छादित कर दिया जाएगा, जिससे सरकारी और निजी स्कूलों के बीच डिजिटल अंतर को कम किया जा सके।