ऑपरेशन क्रैकडाउन: कैंट क्षेत्र में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 90 संदिग्ध हिरासत में
देहरादून:
देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत कैंट थाना क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीम ने आजाद कॉलोनी, गोविंदगढ़, यमुना कॉलोनी, ईदगाह और बिंदाल क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।


अभियान के दौरान कुल 780 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं मौके पर वैध पहचान दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर 90 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जिनकी विस्तृत जांच की गई।
पुलिस ने किरायेदार सत्यापन न कराने वाले 43 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 3750 रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आकर रह रहे लोगों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी क्षेत्रों में इस प्रकार के सत्यापन अभियान निरंतर जारी रखे जाएं, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
