CRIME NEWSDEHRADUNSSP DehradunUttrakhand

देहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला समेत 3 गिरफ्तार; 3 पीड़िताएं रेस्क्यू

देहरादून:
देहरादून पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में संचालित हो रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिंदाल क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 3 पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर स्थित एक मकान में औचक छापेमारी की, जहां 3 महिलाएं और 2 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी महिला अपने मकान में साथी के साथ मिलकर देह व्यापार संचालित कर रही थी। वह बाहरी राज्यों से महिलाओं को काम का झांसा देकर देहरादून बुलाती थी और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी।

आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की फोटो ग्राहकों को भेजते थे और फोन पर रेट व स्थान तय करते थे। इसके बाद अन्य आरोपी के जरिए महिलाओं को ग्राहकों तक भेजा जाता था, जिसके बदले मोटा कमीशन लिया जाता था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।