प्रदेश में गैस संकट पर धस्माना की CM धामी से मुलाकात, एलपीजी कोटा बढ़ाने का आश्वासन
नवरात्र और ईद से पहले बढ़ी परेशानी, उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए केंद्र से बात करेंगे मुख्यमंत्री
देहरादून में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई।

इस दौरान धस्माना ने मुख्यमंत्री को विक्रमी नवसंवत्सर 2083 और चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं, साथ ही प्रदेशभर में गैस की कमी से जूझ रही जनता की समस्याओं से अवगत कराया।
धस्माना ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच तनाव के कारण खाड़ी क्षेत्र में संकट गहराया है, जिसका सीधा असर एलपीजी सप्लाई पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र और ईद-उल-फितर जैसे प्रमुख त्योहारों के चलते आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग गैस सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, जिससे त्योहारों की खुशियां भी फीकी पड़ रही हैं।
धस्माना ने बताया कि केवल देहरादून में ही करीब पौने आठ लाख गैस उपभोक्ता हैं, जबकि आवंटित कोटा लगभग साढ़े पांच लाख सिलेंडरों का है, जो पहले से ही करीब सवा दो लाख कम है। वर्तमान में सप्लाई और भी प्रभावित होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और खाद्य आपूर्ति मंत्री से वार्ता कर राज्य के लिए एलपीजी कोटा बढ़ाने की मांग करें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों से तुरंत बातचीत कर प्रदेश के लिए एलपीजी कोटा बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

