प्रधानमंत्री मोदी ने धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर दी बधाई कहा—उत्तराखंड बना विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर दी बधाई
कहा—उत्तराखंड बना विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई पहचान
देहरादून:
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के लिए देश-दुनिया में विशिष्ट स्थान रखता है। यहां की लोक परंपराएं, विविध भाषाएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को अलग पहचान देती हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य जारी है, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन से राज्य में रेल संपर्क को मजबूती मिल रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने, शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन पहलों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ पलायन को रोकने में भी मदद मिल रही है।
संदेश में प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को बढ़ावा, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा डिजिटल और हरित विकास के प्रयासों को भी सराहनीय बताया। साथ ही आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि राज्य आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
