DEHRADUNUttrakhand

श्वेत पत्र की मांग पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस को सच्चाई स्वीकारने की नसीहत

श्वेत पत्र की मांग पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस को सच्चाई स्वीकारने की नसीहत

भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान बोले—धामी सरकार के चार साल विकास और पारदर्शिता के


देहरादून:
उत्तराखंड में श्वेत पत्र की मांग को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उसे सच्चाई स्वीकारने की सलाह दी है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों को लेकर श्वेत पत्र मांगने वाली कांग्रेस को पहले जमीनी सच्चाई को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने जनहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जो देशभर में उदाहरण बन रहे हैं।


चौहान ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का “4 साल 8 सवाल” अभियान केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है, जबकि धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से मुफ्त राशन योजना, गैस सब्सिडी और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए लाखों परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है।

भाजपा नेता के अनुसार, राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की गई है और नकल विरोधी कानून से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। साथ ही हजारों पदों पर नियुक्तियां भी की गई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, जिला अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण और दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं।

शिक्षा क्षेत्र में स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधन और शिक्षकों की नियुक्तियों से व्यवस्था को मजबूत किया गया है। वहीं पलायन रोकने के लिए होमस्टे योजना, बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।

कानून व्यवस्था को लेकर चौहान ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई है।

चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे अपने कार्यकाल की समीक्षा करनी चाहिए, जो भय, भ्रष्टाचार और अराजकता से भरा रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह विकास और पारदर्शिता के आधार पर जनता के बीच जाएगी।