CRIME NEWSDEHRADUNSTF Uttrakhand

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद, 2 शातिर तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद, 2 शातिर तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश में सक्रिय गैंग का भंडाफोड़, पंप एक्शन गन और पिस्टल के साथ कार भी जब्त

देहरादून/जसपुर:
उत्तराखंड एसटीएफ (STF) ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए हैं।

एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं और कोतवाली जसपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जसपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 पंप एक्शन गन, 02 पिस्टल (.32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह (39 वर्ष) निवासी ग्राम हजीरा, थाना जसपुर और सिमरनजीत (37 वर्ष) निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा के रूप में हुई है। सिमरनजीत थाना पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे ये हथियार शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) से लाए थे और जसपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए आगे सप्लाई करने की योजना थी।

इस कार्रवाई के साथ ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो सप्ताह के भीतर एसटीएफ की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। महज 10 दिनों में एसटीएफ ने 5 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर 06 अवैध तमंचे, 02 पंप एक्शन गन, 02 पिस्टल और 31 कारतूस बरामद किए हैं।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी टीमों को अवैध हथियारों, संदिग्ध गतिविधियों और सक्रिय गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

**बरामदगी:**

* 02 पंप एक्शन गन
* 02 पिस्टल (.32 बोर)
* 10 जिंदा कारतूस
* तस्करी में प्रयुक्त कार

**पुलिस टीम:**
एसटीएफ/एएनटीएफ टीम और कोतवाली जसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।