प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों में मारपीट, गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत; 3 आरोपी हिरासत में
प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों में मारपीट, गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत; 3 आरोपी हिरासत में
देहरादून | भारत-केसरी
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच आपसी मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ तुरंत सीएचसी प्रेमनगर पहुंचे।
घायल युवक की पहचान दिव्यांशु जाटराना (22) पुत्र अमित जाटराना निवासी ग्राम अथाई, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि उस समय एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने अपने सरकारी वाहन से ही घायल युवक को दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।
दून अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात दिव्यांशु जाटराना की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में धारा 3(5), 61(2), 103(1) और 191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर उनके बीच पहले से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 23 मार्च को दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई, जिसमें दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए आरोपी:
युवराज कुमार (20), बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र
मधुर खंडेलवाल (19), बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र
शिवम शर्मा (20), बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र
तीनों आरोपी प्रेमनगर में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
