CM UTTRAKHANDUttrakhand

देहरादून–पिथौरागढ़ विमान सेवा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से किया उद्घाटन

देहरादून–पिथौरागढ़ विमान सेवा का शुभारंभ, एक घंटे में पूरा होगा सफर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से किया उद्घाटन, एलाइंस एयर संचालित करेगा 42 सीटर विमान

देहरादून |
उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा के तहत Alliance Air 42 सीटर विमान का संचालन करेगा, जिससे पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच यात्रा मात्र एक घंटे में पूरी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर शुरू की गई यह सेवा न केवल आम लोगों के लिए राहतकारी है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर पा रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने देश के छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को सस्ती हवाई सेवाओं से जोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में करीब 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।

**हवाई सेवाएं बनी जीवन रेखा**
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं अब जीवन रेखा बन चुकी हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और गंभीर मरीजों को शीघ्र उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में इनका अहम योगदान है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023 में शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। पिछले चार वर्षों में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है।

**पिथौरागढ़ को मिलेगा आर्थिक बल**
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई विमान सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण हेतु एमओयू भी किया गया है।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे..