CRIME NEWSDEHRADUNSSP DehradunUttrakhand

“ऑपरेशन नाइट वॉच” में दून पुलिस का एक्शन, 71 ड्रिंक एंड ड्राइव में गिरफ्तार

देहरादून |
हुड़दंगी छात्रों और युवकों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने “ऑपरेशन नाइट वॉच” अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि के समय सघन चेकिंग कर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा पिछले दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 21 चौपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया।

इसके अलावा वाहनों में अवैध हूटर, काले शीशे और रेस ड्राइविंग करने वाले 12 वाहनों को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 98 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 2600 से अधिक वाहनों की चेकिंग की, जबकि 1900 से ज्यादा व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन किया गया। रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 लोगों से पूछताछ की गई, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया।

पुलिस ने 99 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 49,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों के नाम पर रात में हुड़दंग करने या अपराध में लिप्त पाए जाने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थानों से निष्कासन की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी।

पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटबाजी करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और रात्रि में लगातार स्थान बदल-बदलकर चेकिंग अभियान चलाया जाए।

दून पुलिस का “ऑपरेशन नाइट वॉच” आगे भी जारी रहेगा।