DEHRADUNHealth

गुरुद्वारा लक्की शाह में कांग्रेस और एएसजी आई केयर का संयुक्त आयोजन, जरूरतमंदों को मिला उपचार लाभ

देहरादून |
पटेलनगर क्षेत्र के संजय कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा लक्की शाह में कांग्रेस और एएसजी आई केयर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डेढ़ सौ से अधिक मरीजों ने अपनी आंखों की जांच कराई और चिकित्सीय परामर्श प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में स्वयंसेवी संगठनों के लिए कार्य करने के बड़े अवसर हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के बीच इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उन्हें बड़ा लाभ पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार अकेले पर्याप्त कार्य नहीं कर पा रही है और हिमालयन अस्पताल व महंत इंद्रेश अस्पताल जैसे संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मानव सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों में कांग्रेस का पूरा सहयोग रहेगा।

शिविर में मरीजों को निःशुल्क जांच, दवाइयां और चश्मे उपलब्ध कराए गए। साथ ही आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड धारकों के लिए कैशलैस ऑपरेशन की सुविधा की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान कांग्रेस नेता सौरव शर्मा, जसविंदर सिंह मोठी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष मोहिंदर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।