NainitalUttrakhand

नैनीताल में बड़ा हादसा: अनियंत्रित बस पलटी, एक की मौत, कई घायल

नैनीताल में बस हादसा, एक की मौत

उत्तराखंड, नैनीताल

उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने बस में फंसे 7 घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

बस चालक के अनुसार, दुर्घटना के समय वाहन में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं अन्य यात्रियों की स्थिति का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

SDRF उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम ने तेजी से राहत कार्य को अंजाम दिया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।