CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून: शराब के नशे में हंगामा कर रहे व्यक्ति की हिरासत में मौत, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

देहरादून | 28 मार्च 2026

थाना रायपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आया है, जिससे हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, लाडपुर स्थित पेट्रोल पंप पर शराब के नशे में हंगामा करने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था, जिसकी बाद में अस्पताल में मृत्यु हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे थाना रायपुर को सूचना मिली कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे नहीं दे रहा है और कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नशे की हालत में होने के कारण नहीं माना।

पुलिस उक्त व्यक्ति को उसके वाहन सहित थाने ले आई, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी (45 वर्ष), निवासी तपोवन रोड, देहरादून बताया। सांस परीक्षण (अल्कोहल मीटर) में उसकी शराब की मात्रा 231.6 mg/100ml पाई गई, जिसके आधार पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत गिरफ्तार किया गया।

थाने में भी आरोपी द्वारा लगातार हंगामा और शोर-शराबा किया गया। पुलिस के अनुसार, काफी समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ। इसी दौरान उसके एक परिचित को थाने बुलाया गया, लेकिन वह बिना जमानत लिए वापस चला गया।

बाद में आरोपी को हवालात में रखा गया, जहां कुछ समय बाद निगरानी के दौरान वह बेहोशी की हालत में पाया गया। पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचित किया गया। मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया जाएगा, जिसकी पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जाएगी।

उक्त प्रकरण में पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा थानाध्यक्ष रायपुर व थाने पर नियुक्त 03 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित किय गया, जिससे उक्त प्रकरण की जाँच प्रभावित न हो सके।