Chardham Yatra 2026Uttrakhand

चारधाम यात्रा से पहले हेल्थ अलर्ट, 25 मेडिकल पोस्ट और 1350 डॉक्टर तैयार

चारधाम यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया गया है।

19 अप्रैल से शुरू हो रही इस यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों और ट्रांजिट कैंपों में मेडिकल सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यात्रा रूट पर करीब 1350 डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। ये टीमें विभिन्न पड़ावों और प्रमुख स्थलों पर 24 घंटे सेवाएं देंगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके।

यात्रा के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर स्वास्थ्य जांच की सख्त व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर आवश्यक हेल्थ एडवाइजरी भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सतर्क और सुरक्षित रह सकें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं, जहां तत्काल प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी तैनाती की जा रही है।

इसके अलावा, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में सांस लेने में दिक्कत, अत्यधिक थकान, ब्लड प्रेशर असंतुलन और हृदय संबंधी समस्याओं के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन तैयारियों के जरिए इस वर्ष चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकेगा।