मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग विवाद बना जानलेवा, टायर पर फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की मौत
मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग विवाद बना जानलेवा, टायर पर फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की मौत
राजपुर थाना क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच विवाद, गोली लगने से निर्दोष व्यक्ति की गई जान




📍देहरादून | 30 मार्च 2026*
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मसूरी रोड स्थित मालसी के पास दो कार सवारों के बीच हुए झगड़े के दौरान की गई फायरिंग में एक मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार के बीच रास्ता न देने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित एक सरकारी स्कूल के पास पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
**⚠️ पुलिस की अपील:
सड़क पर संयम बरतें, छोटी-छोटी बातों पर विवाद जानलेवा बन सकता है।
