देहरादून में लेट नाइट पार्टी पर सख्त ब्रेक! तय समय के बाद खुला पब तो सीधा केस
देहरादून में पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अब निर्धारित समय के बाद प्रतिष्ठान खुले मिलने पर सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस कार्यालय में सभी पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।


बैठक में साफ कहा गया कि तय समय सीमा के बाद यदि कोई प्रतिष्ठान संचालित पाया गया, तो उसके संचालक के खिलाफ सीधे अभियोग दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
सभी संचालकों को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने और उनका पूरा विवरण पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, किसी भी प्रकार के विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी घटना की जानकारी छुपाई जाती है और बाद में कोई आपराधिक मामला सामने आता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी प्रतिष्ठानों के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर लगे CCTV कैमरों का एक्सेस पुलिस को उपलब्ध कराया जाए, ताकि निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
देर रात तक पब और बार में मौजूद रहने और नशे की हालत में वाहन चलाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने समय सीमा का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने छापेमारी के दौरान निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे दो बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
