देहरादून में कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला, डीजीपी से मिलकर दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून में कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला, डीजीपी से मिलकर दी आंदोलन की चेतावनी
ब्रिगेडियर वीके जोशी हत्याकांड को लेकर उबाल, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
देहरादून:
उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने अब मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से मुलाकात कर राज्य की कानून व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई और मांग पत्र सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
धस्माना ने कहा कि राज्य में हत्या, लूट, डकैती, चेन स्नैचिंग और गुंडागर्दी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार, प्रशासन और आबकारी विभाग की मिलीभगत से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने हाल ही में देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दो गुटों की गोलीबारी में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
कांग्रेस ने इसे केवल रोड रेज नहीं बल्कि अवैध रूप से चल रहे नाइट क्लबों और बार में पनप रहे आपराधिक नेटवर्क का नतीजा बताया। धस्माना ने आरोप लगाया कि कई क्लब निर्धारित समय के बाद भी खुले रहते हैं, जहां शराबखोरी और अनैतिक गतिविधियां होती हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।
उन्होंने मांग की कि:
* ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए
* प्रदेश में कानून व्यवस्था को तत्काल पटरी पर लाया जाए
* नियमों का उल्लंघन करने वाले नाइट क्लब, बार और रेस्तरां के लाइसेंस निरस्त किए जाएं
* राजपुर रोड पर बिना पार्किंग वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हो
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, कर्नल राम रतन सिंह नेगी, मदन लाल, दिनेश कौशल, अनिल बस्नेत, जगदीश धीमान सहित कई नेता मौजूद रहे।
