देहरादून में डीएम की सख्ती, घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर 16 सिलेंडर जब्त
देहरादून में डीएम की सख्ती, घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर 16 सिलेंडर जब्त
कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए क्यूआरटी अलर्ट, गैस एजेंसियों पर औचक निरीक्षण
देहरादून | 31 मार्च 2026
देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार कार्रवाई में जुटी है।





मंगलवार को क्यूआरटी टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण प्रणाली के साथ-साथ होम डिलीवरी व्यवस्था की गहन जांच की गई।
इसी क्रम में शिमला बायपास और चंद्रबनी क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग का मामला सामने आया। टीम ने मौके से कुल 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जब्त सिलेंडरों को लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध भंडारण या कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों को वितरण में पारदर्शिता और 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में आज करीब 10,803 उपभोक्ताओं को घरेलू और 674 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में 31,536 घरेलू और 2,852 व्यावसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है।
