DEHRADUNDM DEHRADUNUttrakhand

आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

देहरादून में सम्मान समारोह, बाढ़ और बादल फटने की घटना में सराहनीय कार्य करने वालों को मिला सम्मान

देहरादून | 01 अप्रैल 2026

भारत केसरी

उत्तराखंड के लोक भवन में आयोजित एक सम्मान समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून जिले के कार्मिकों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने सभी कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

गौरतलब है कि 15-16 सितंबर 2025 की रात सहस्त्रधारा-कार्लीगाड क्षेत्र में भीषण वर्षा और बादल फटने की घटना के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

सम्मानित होने वालों में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी हर गिरि, अपर उप जिलाधिकारी न्यायिक कुमकुम जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार असवाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.ए. भट्ट, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश कोठारी, यूपीसीएल के लाइनमैन अमन और लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप शाही शामिल रहे।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संकट के समय “फ्रंटलाइन लीडर” के रूप में प्रभावी नेतृत्व किया और पूरी टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया।

राज्यपाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशासन, सुरक्षाबलों और अन्य कार्मिकों ने निस्वार्थ भाव से काम करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा की, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।