दून पुलिस की बड़ी सफलता: 1 लाख का इनामी अपराधी गिरफ्तार , कल्लू गैंग का सदस्य ऋषिकेश से दबोचा
दून पुलिस की बड़ी कामयाबी: 1 लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार
बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग का सदस्य ऋषिकेश से दबोचा, उड़ीसा जेल तोड़कर हुआ था फरार
देहरादून | 01 अप्रैल 2026
भारत केसरी
देहरादून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी के नेतृत्व में दून पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 6 महीने से फरार चल रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजा साहनी के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला है और कुख्यात कल्लू गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी उड़ीसा के कटक जिले की जेल से 2 अक्टूबर 2025 को फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक, उड़ीसा पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी को त्रिवेणी घाट क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने देहरादून पुलिस से संपर्क किया।
एसएसपी के निर्देश पर ऋषिकेश क्षेत्र में विशेष टीमों का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को नटराज चौक से टिहरी रोड की ओर जाते हुए सुमन पार्क के पास रोका।
चेकिंग के दौरान कार में बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में हुई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर उड़ीसा में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और अन्य राज्यों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
