देहरादून मुठभेड़: ब्रिगेडियर हत्याकांड के संदिग्धों से पुलिस की भिड़ंत, एक घायल, एक गिरफ्तार
देहरादून
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर सामने आई है। ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड से जुड़े संदिग्धों की तलाश में चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, जोहड़ी गांव में चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया, जो गुनियाल गांव के जंगल की ओर भाग निकले। पीछा करने के दौरान एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
दूसरे बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।


**घायल/गिरफ्तार बदमाशों की पहचान:*
* मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22 वर्ष), निवासी अंबा बिहार, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर (घायल)
* शांतनु त्यागी (21 वर्ष), निवासी माढकी, थाना बेहट, जिला सहारनपुर
एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अस्पताल में घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
