टिहरी झील में 25वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर, 8 अप्रैल से राष्ट्रीय जल क्रीड़ा महाकुंभ शुरू
टिहरी झील में सजेगा राष्ट्रीय जल क्रीड़ा महाकुंभ, 8 से 12 अप्रैल तक होंगी रोमांचक प्रतियोगिताए
25वें ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर की मेजबानी करेगा उत्तराखंड, 19 टीमों के 500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
भारत केसरी
देहरादून/टिहरी। उत्तराखंड की खूबसूरत टिहरी झील एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। 8 से 12 अप्रैल तक यहां 25वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर इंस्टीट्यूट, कोटी में किया जा रहा है।
सोमवार को सीमाद्वार स्थित आईटीबीपी परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी मनु महाराज ने बताया कि यह पहली बार है जब यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन उत्तराखंड में हो रहा है। प्रतियोगिता ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर की 19 टीमों के करीब 500 खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में कुल 52 स्पर्धाएं होंगी, जिनमें कैनोइंग और कयाकिंग की 18-18 तथा रोइंग की 16 स्पर्धाएं शामिल हैं। कैनोइंग और कयाकिंग में 200, 500 और 1000 मीटर की रेस, जबकि रोइंग में 500 और 2000 मीटर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी स्पर्धाएं पुरुष और महिला वर्ग में होंगी।
कार्यक्रम के अनुसार 6 अप्रैल से टीमों का आगमन शुरू हो गया है। 7 अप्रैल को उद्घाटन समारोह की रिहर्सल होगी, जबकि 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ होगा। 9 अप्रैल को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा पदक वितरण समारोह में शामिल होंगे और 12 अप्रैल को समापन किया जाएगा।
आईजी ने कहा कि यह आयोजन टिहरी झील को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रेस वार्ता में सीमाद्वार वार्ड-40 के पार्षद विनोद रावत भी उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु
* 8 से 12 अप्रैल तक होगा आयोजन
* 19 टीमों के 500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
* कुल 52 स्पर्धाएं होंगी आयोजित
* पहली बार उत्तराखंड में हो रहा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन
* पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
