CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ जारी, 4 हजार से अधिक संदिग्धों पर कार्रवाई

देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ जारी, 4 हजार से अधिक संदिग्धों पर कार्रवाई

भारत केसरी

देहरादून। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दून पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। बीते डेढ़ माह के अभियान के दौरान पुलिस ने 4 हजार से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर हड़कंप मचा दिया है।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने 342 अपार्टमेंट्स और 59 गेटेड कॉलोनियों सहित 30 हजार से अधिक आवासों में सत्यापन अभियान चलाया। इसके अलावा नगर व देहात क्षेत्रों में कुल 43,499 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।

सत्यापन के दौरान 4,466 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, बिना वैध दस्तावेज के रह रही 3 विदेशी महिलाओं और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 7 अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज किए गए।

पुलिस ने किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन न कराने वाले 2,596 मकान मालिकों व प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया।

इसके अलावा 1,805 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और नियमों का उल्लंघन करने पर 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर चल रहा यह व्यापक सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिसमें बाहरी राज्यों से आकर रह रहे संदिग्ध और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।