STF की बड़ी कार्रवाई: पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का ₹25,000 का इनामी शूटर गिरफ्तार
STF की बड़ी कार्रवाई: पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का ₹25,000 का इनामी शूटर गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर से दबोचा गया फरार आरोपी, कई राज्यों में दर्ज हैं संगीन मुकदमे
देहरादून |भारत केसरी
उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड के फरार शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
STF की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर इस अंतरराज्यीय शूटर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी *ऑपरेशन प्रहार* के तहत की गई, जिसके अंतर्गत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
क्या था मामला ?
12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने पहले उन्हें घर से बाहर बुलाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई के चलते की गई थी। इस वारदात के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब ₹4 लाख की सुपारी दी गई थी।
STF का बयान
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
उन्होंने बताया कि तड़के मिली सूचना पर STF और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
चर्चित हत्याकांड में मुख्य शूटर की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अब इस केस में शामिल अन्य आरोपियों और साजिश के पहलुओं से जुड़े अहम खुलासों की उम्मीद की जा रही है।
