UttrakhandUttrakhand Meteorological Department

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, 11 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून।
भारत केसरी

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने 11 अप्रैल तक अलर्ट जारी किया है। बदलते मौसम के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन खराब मौसम के कारण सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 7 और 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके चलते मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक मौसम में बदलाव आएगा।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्र सिंह तोमर ने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश के साथ-साथ 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट और 8 व 9 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान कई स्थानों पर ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का असर 11 अप्रैल तक बना रहेगा, जिसके बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है।