DEHRADUNUttrakhand

दून बुक फेस्टिवल: पांचवें दिन अंतरिक्ष अनुभवों से प्रेरित हुए छात्र, सांस्कृतिक संध्या में बिखरे रंग

दून बुक फेस्टिवल: पांचवें दिन अंतरिक्ष अनुभवों से प्रेरित हुए छात्र, सांस्कृतिक संध्या में बिखरे रंग

देहरादून:दून बुक फेस्टिवल 2026 का पांचवां दिन साहित्य, ज्ञान और संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। 8 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्रों और दर्शकों ने भाग लिया। दून लिट फेस्ट के विशेष सत्र में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू पायलट एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा किए और वीडियो के माध्यम से अंतरिक्ष से जुड़ी कई रोचक जानकारियां प्रस्तुत कीं। सत्र के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया। वहीं ‘लीडरशिप इन यूनीफॉर्म: स्टोरीज ऑफ करेज, रिस्ट्रेंट एंड रिजोल्व’ विषय पर आयोजित सत्र में सतीश दुआ और वरिष्ठ पत्रकार नीरज राजपूत ने नेतृत्व, साहस और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान बदलते सुरक्षा परिदृश्य और सैन्य चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। बाल मंडप में दिनभर रचनात्मक गतिविधियों की धूम रही, जहां 1500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। डांस एंड बॉडी मूवमेंट, ड्रॉ अ मैस्कॉट और पपेट मेकिंग जैसी कार्यशालाओं ने बच्चों की रचनात्मकता को निखारा।

इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कहा कि पुस्तकें हमारे व्यक्तित्व को समृद्ध करने का सशक्त माध्यम हैं। पांचवें दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या में ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ बैंड की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। लोक, शास्त्रीय और फ्यूजन संगीत की प्रस्तुति ने दर्शकों को देर तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा।

9 अप्रैल को भी कई रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साहित्यिक सत्रों में चंद्रचूर घोष और अनुज धर नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे, जबकि सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका मेहर की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।