CRIME NEWSUttrakhand

ऑपरेशन ‘प्रहार’: दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परोसने वाला रेस्टोरेंट संचालक गिरफ्तार, 32 ड्रंक ड्राइवर्स पकड़े

ऑपरेशन ‘प्रहार’: दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परोसने वाला रेस्टोरेंट संचालक गिरफ्तार, 32 ड्रंक ड्राइवर्स पकड़े

देहरादून | 09 अप्रैल 2026 , भारत केसरी

देहरादून में अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने बीती रात व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की और देर रात तक चेकिंग अभियान जारी रखा।

अभियान के दौरान थाना रायपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब परोसते हुए संचालक लक्ष्मण सिंह (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से शराब की बोतल और बीयर के खाली केन भी बरामद किए गए।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, रात्रि के दौरान शहरभर में 960 से अधिक लोगों की चेकिंग की गई, जिनमें से 112 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर जुर्माना वसूला गया।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 32 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। साथ ही 77 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कर 46 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त कई मामलों में न्यायालय चालान करते हुए 23 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।