युवा जागा तो बदलेगा देश — आंबेडकर जयंती पर देहरादून से कन्हैया कुमार का बड़ा संदेश
संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देहरादून में “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार सचिव वैभव वालिया द्वारा किया गया, जबकि संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान देश की आत्मा है, लेकिन वर्तमान में उसकी मूल भावना पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नफरत, असमानता और अन्याय को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो बाबा साहेब के सपनों के भारत के विपरीत है।
कन्हैया कुमार ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि युवा चुप न बैठें, बल्कि अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं। उन्होंने बाबा साहेब के मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही है, जबकि सरकारें केवल ध्यान भटकाने की राजनीति में लगी हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिशों पर चिंता जताई।
वहीं, प्रीतम सिंह ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को अधिकार देता है, लेकिन आज उन अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। हरक सिंह रावत ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में विधायक रवि बहादुर, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, NSUI प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और आमजन ने कार्यक्रम में भाग लिया।


