क्षत्रिय महासभा में बड़ा बदलाव, डॉ सुनीता चंदेल बौड़ाई विद्यार्थी को सौंपी महिला मोर्चा की कमान
क्षत्रिय महासभा में बड़ा फैसला: डॉ सुनीता चंदेल बौड़ाई विद्यार्थी, बनीं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष
रेनू डी. सिंह सिसोदिया के नामांकन पर मिली नई जिम्मेदारी, देशभर के शाही व विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी
देहरादून/उत्तराखंड: भारत केसरी
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (1897) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा मानवेंद्र सिंह ने संगठन में अहम निर्णय लेते हुए उत्तराखंड प्रदेश महिला मोर्चा (वीरांगना) के प्रदेश अध्यक्ष पद पर डॉ. सुनीता चंदेल बौड़ाई विद्यार्थी की नियुक्ति की है।



इससे पूर्व इस पद पर एडवोकेट रेनू डी. सिंह सिसोदिया कार्यरत थीं, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन को मजबूती प्रदान की। उल्लेखनीय है कि डॉ. सुनीता चंदेल विद्यार्थी का नाम भी रेनू डी. सिंह सिसोदिया द्वारा ही प्रस्तावित किया गया था।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुनीता चंदेल बौड़ाई विद्यार्थी ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह “चंदेल वंश” की विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगठन में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करेंगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और संगठन विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताया।
इस मौके पर देशभर से कई शाही और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सिरमौर रानी कुंजना, प्रिंसेस दिव्या जुब्बल और राष्ट्रीय अध्यक्ष इन्दु तोमर की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, परंपराओं के संरक्षण और समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. सुनीता चंदेल बौड़ाई विद्यार्थी की नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


