एडवेंचर लवर्स के लिए खुशखबरी: पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक 15 अप्रैल से शुरू
15 अप्रैल से खुलेगा पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक, रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को 15 अप्रैल 2026 से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। यह ट्रेक 15 जून तक खुला रहेगा, जहां देश-विदेश से ट्रेकर्स और पर्यटक पहुंच सकेंगे।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी के अनुसार, ट्रेक मार्ग को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रेक रूट पर आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
ट्रेकिंग के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, जो हिचोड़ी और जैकुनी इको टूरिज्म केंद्रों में कराया जाएगा। ये केंद्र बागेश्वर वन प्रभाग के अंतर्गत संचालित होते हैं, जहां पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती की गई है।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक कचरे पर सख्ती बरती जाएगी। इसके तहत पर्यटकों से एफडीआर के रूप में सुरक्षा धनराशि जमा कराई जाएगी, जो कचरा निर्धारित स्थान पर जमा करने के बाद वापस कर दी जाएगी।

क्या है खास इस ग्लेशियर में ..
पिंडारी ग्लेशियर उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में कुमाऊं हिमालय में स्थित एक प्रमुख और आसानी से सुलभ ग्लेशियर है, जो लगभग 3.2 किमी लंबा और 1.5 किमी चौड़ा है। यह पिंडार नदी का उद्गम स्थल है और नंदा देवी तथा नंदा कोट चोटियों के बीच स्थित है। यह ट्रेकर्स के लिए बेहद लोकप्रिय है, जो ‘जीरो पॉइंट’ (3660 मीटर) तक जाता है।
(आदित्य रत्न, प्रभागीय वनाधिकारी)
“सभी पर्यटकों से अपील है कि ट्रेकिंग के दौरान प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें और कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही जमा करें, ताकि इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।”
एडवेंचर के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी, पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक के लिए नियमों का पालन करें।
