DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में बाल संरक्षण जागरूकता अभियान तेज, 1098 हेल्पलाइन की दी जानकारी

छरबा और रेसकोर्स क्षेत्र में कार्यक्रम, बच्चों को अधिकार और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

देहरादून | 22 अप्रैल 2026, भारत केसरी

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में देहरादून में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, उत्तराखंड द्वारा विकासनगर क्षेत्र के ग्राम छरबा और रेसकोर्स क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र चंदन नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल कल्याण समिति (CWC) और किशोर न्याय बोर्ड (JJB) की भूमिका पर भी जागरूक किया गया।


छरबा में 55 और रेसकोर्स क्षेत्र में 25 बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों को सरल और संवादात्मक तरीके से उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

सुपरवाइजर रक्षा ने बताया कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में छरबा क्षेत्र से रक्षा रावत, स्मृति और प्रदीप मौजूद रहे, जबकि रेसकोर्स में सरिता रानी, हिमांशु, सविता गोगिया और रजनीश ने सहभागिता की।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे के साथ शोषण या संकट की स्थिति में तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें।