महिला आरक्षण पर वार-पलटवार: बीजेपी ने कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया ढोंग
देहरादून, भारत केसरी
देहरादून में महिला आरक्षण को लेकर सियासत गरमा गई है। बीजेपी ने जहां विधानसभा के विशेष सत्र का स्वागत किया है, वहीं कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक ढोंग करार दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी का रुख पूरी तरह विरोधाभासी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में महिला आरक्षण का विरोध करती है, जबकि उत्तराखंड में उसके समर्थन का दिखावा कर रही है।
भट्ट ने कहा कि संसद के विशेष सत्र में “नारी शक्ति वंदन” का विरोध कर कांग्रेस और विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों का अपमान किया है। यही वजह है कि जनता और मातृशक्ति में भारी रोष है।
उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को आहूत होने वाला विधानसभा का विशेष सत्र जनभावनाओं के सम्मान और महिला विरोधी चेहरों को उजागर करने का मंच बनेगा। इस सत्र के माध्यम से राज्य की जनता का मत देश के सामने रखा जाएगा।
वहीं, विधानसभा के बाहर कांग्रेस के धरने पर निशाना साधते हुए भट्ट ने इसे राजनीतिक नाटक बताया। उनका कहना है कि जो कांग्रेस नेता यहां 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे हैं, उनके ही साथियों ने संसद में इस कानून का विरोध किया।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता संवैधानिक प्रक्रिया को समझती है और समय आने पर जवाब देगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर अब उत्तराखंड में सियासी घमासान और तेज होने के संकेत हैं। 28 अप्रैल का विशेष सत्र इस बहस को नई दिशा दे सकता है।
