प्रेमनगर में गरजे सूर्यकांत धस्माना, महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग
प्रेमनगर में गरजे सूर्यकांत धस्माना, महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग
देहरादून:
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कांग्रेस का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रेमनगर बाजार में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे धस्माना ने कहा कि यदि भाजपा में साहस और नैतिकता है तो वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू किया जाए और संसद व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नारी शक्ति वंदन कानून में संशोधन और परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जिसे विपक्षी गठबंधन ने विफल कर दिया। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण की समर्थक रही है और अब इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून के सभी वार्डों में महिला सम्मेलन आयोजित कर भाजपा की नीतियों का विरोध किया जाएगा।
वहीं, नव-नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आर्य समाज मंदिर से प्रेमनगर चौक तक जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और आतिशबाजी भी की। कार्यक्रम में कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

