DEHRADUNDM DEHRADUN

डीएम सविन बंसल की संवेदनशील पहल — दिवंगत कार्मिक की बेटी को ₹25 हजार सहायता

 

देहरादून, भारत केसरी

देहरादून से एक संवेदनशील और मानवीय खबर सामने आई है, जहां जिलाधिकारी सविन बंसल ने दिवंगत संविदा कार्मिक की बेटी को आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके साथ ही बाल संरक्षण और महिला कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी अहम फैसले लिए गए हैं।

 

कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में सभी विभागों को संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इसी क्रम में एक मानवीय पहल करते हुए, राजकीय शिशु सदन केदारपुरम में कार्यरत दिवंगत संविदा कार्मिक स्वर्गीय सुनीता सिंह की पुत्री को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

 

इसके अलावा, नारी निकेतन में निवासरत मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के उपचार के लिए स्टाफ की कमी को देखते हुए केयरटेकर हेतु जिला योजना से बजट स्वीकृत किया गया। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी को नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने पीएम केयर्स चिल्ड्रन योजना के लाभार्थी बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

 

जनपद देहरादून में कुल 19 बालगृह संचालित हैं, जिनमें 275 बच्चे निवासरत हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर अक्टूबर 2023 से अब तक 2041 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाल संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।