DEHRADUNDM DEHRADUNUpcl

भूमिगत बिजली परियोजनाओं पर डीएम सख्त,पहले पुराने कार्य पूरे किए जाएं, उसके बाद ही नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी

भूमिगत बिजली परियोजनाओं पर डीएम सख्त

देहरादून, भारत केसरी

देहरादून में भूमिगत विद्युत परियोजनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने साफ निर्देश दिए हैं कि पहले पुराने कार्य पूरे किए जाएं, उसके बाद ही नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिलेगी।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना समन्वय समिति की बैठक में पिटकुल और यूपीसीएल के 13 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर चल रहे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और डबल शिफ्ट में काम कर जल्द पूरा किया जाए। साथ ही जहां कार्य पूरा हो चुका है, वहां थर्ड पार्टी निरीक्षण के बाद सड़कों का दोबारा ब्लैकटॉप किया जाए।

 

यूपीसीएल के अलग-अलग लॉट्स में कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जबकि कुछ नए प्रस्तावों को सशर्त मंजूरी दी गई है। वहीं तकनीकी रिपोर्ट न होने के कारण पिटकुल के कुछ प्रस्तावों पर निर्णय नहीं हो सका।

 

डीएम ने साफ चेतावनी दी कि खुदाई के बाद सड़कों को तुरंत दुरुस्त किया जाए। अनुमति से अधिक रोड कटिंग, अधूरी खुदाई या सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।

 

खुदाई स्थलों पर बैरिकेडिंग और साइनबोर्ड अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही रात में खोदे गए गड्ढों को सुबह तक भरना जरूरी होगा, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अगर निर्माण कार्यों में देरी या अव्यवस्था से जनता को दिक्कत हुई तो संबंधित विभागों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुल मिलाकर देहरादून में विकास कार्यों के साथ अब सुरक्षा और गुणवत्ता पर भी प्रशासन की सख्त नजर है।