Uttrakhand

विकासनगर में अतिक्रमण के खिलाफ दून पुलिस का अभियान तेज, 50 दुकानदारों को नोटिस

विकासनगर में अतिक्रमण के खिलाफ दून पुलिस का अभियान तेज, 50 दुकानदारों को नोटिस

देहरादून, 08 मई 2026। भारत केसरी

चारधाम यात्रा और पर्यटक सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए दून पुलिस ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों, ठेली संचालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पूर्व में जारी “अंतिम चेतावनी नोटिस” के अनुपालन की समीक्षा की। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश दुकानदारों ने फुटपाथों और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटा लिया है, जिससे आम लोगों को पैदल आवाजाही में राहत मिली है।

 

हालांकि कुछ दुकानदारों और ठेली संचालकों द्वारा अभी भी मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किए गए। विकासनगर पुलिस अब तक 50 दुकानदारों और ठेली संचालकों को नोटिस जारी कर चुकी है।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद भी यदि अतिक्रमण जारी रहा तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही सड़क और फुटपाथों पर रखे गए सामान को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित मार्गों पर संचालित हो रहे 05 ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े 10 पिकअप वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

 

दून पुलिस ने आम लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें।