रात में ऑफिस से लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लूट, प्रेमनगर पुलिस जांच में जुटी
रात में ऑफिस से लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लूट, प्रेमनगर पुलिस जांच में जुटी
*रैपीडो का इंतजार कर रहे युवक को स्कूटी सवार जबरन ले गए, मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटी
*देहरादून। भारत केसरी
Bhराजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित युवक को स्कूटी सवार दो युवक जबरन अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर मारपीट कर उसका मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र आकाश कुमार आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। 06 और 07 मई की दरम्यानी रात करीब 2:15 बजे शिफ्ट खत्म होने के बाद वह सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए रैपीडो वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उसे जबरदस्ती अपने साथ प्रेमनगर क्षेत्र के जमुनावाला पुल के पास ले गए, जहां हनुमान मंदिर के समीप उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल फोन व नकदी लूट ली गई। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
बताया गया है कि घायल आकाश कुमार वर्तमान में दून अस्पताल में उपचाराधीन है और अभी घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
