कांग्रेस का सामाजिक न्याय पर फोकस, नानकचंद बने एआईसीसी अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक
*कांग्रेस का सामाजिक न्याय पर फोकस, नानकचंद बने एआईसीसी अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक

*“बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस लगातार करती रही है” — राजेंद्र पाल गौतम
देहरादून। भारत केसरी
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नानकचंद ने शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष **राजेंद्र पाल गौतम** मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री **हरीश रावत** ने की।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी के बीच सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और दलित अधिकारों को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि नानकचंद की नियुक्ति पूरे उत्तराखंड कांग्रेस परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लंबे संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और वंचित वर्गों के हितों के लिए किए गए कार्यों का परिणाम है।
मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस निरंतर करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग और कमजोर तबकों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी रही है। नानकचंद के अनुभव और संघर्षशील व्यक्तित्व से पूरे देश के कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
कांग्रेस संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने राजेंद्र पाल गौतम के उत्तराखंड आगमन को कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि नानकचंद के नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा देगा।
नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद ने कहा कि वे अनुसूचित जाति समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से उठाएंगे तथा उत्तराखंड कांग्रेस सामाजिक न्याय, दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पदभार ग्रहण समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प है।
इस दौरान धर्मपुर विधानसभा वार्ड नंबर-73 के निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी सतेंद्र वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन सीपी सिंह ने किया।
कार्यक्रम में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष मदन लाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुलेमान अंसारी समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
