DEHRADUNUttrakhand

जस्टिस ऑन सेल’ का विमोचन, एडीआर सिस्टम की खामियों पर उठे सवाल

*‘जस्टिस ऑन सेल’ का विमोचन, एडीआर सिस्टम की खामियों पर उठे सवाल*

 

*न्यायमूर्ति शरद शर्मा बोले — न्याय व्यवस्था पर गंभीर विमर्श की जरूरत*

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता **योगेश सेठी** की चर्चित पुस्तक *“जस्टिस ऑन सेल”* का शनिवार को जाखन स्थित हयात सेंट्रिक में भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में न्याय व्यवस्था और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली (एडीआर) की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व न्यायमूर्ति **शरद कुमार शर्मा** ने पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि यह पुस्तक भारत की एडीआर प्रणाली की वास्तविक स्थिति को सामने लाने वाला गंभीर प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण पक्ष पर सार्थक विमर्श है।

पुस्तक में बताया गया है कि वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली, जो आम लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय देने के उद्देश्य से बनाई गई थी, वह कई मामलों में पक्षकारों पर समझौते का दबाव बनाती दिखाई देती है।

 

 

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता **आर. शंकरणारायणन** ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि पुस्तक न्याय व्यवस्था और एडीआर प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को सामने लाने वाला सराहनीय प्रयास है, जो विधि जगत में नई बहस को जन्म देगा।

 


पुस्तक के लेखक वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश सेठी ने कहा कि उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर यह दर्शाने का प्रयास किया है कि सुविधा और लागत में कमी की प्रक्रिया कई बार निष्पक्ष न्याय की मूल भावना पर भारी पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर पहलुओं को सामने लाने के उद्देश्य से यह पुस्तक लिखी गई है।

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ता द्वारा इतने गंभीर विषय पर पुस्तक लिखना राज्य के लिए गौरव की बात है। पुस्तक विमोचन के बाद संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कानून, समाज और न्याय व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

 

इस अवसर पर संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह, एडीएम एफआर केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आर्येंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार शिल्पी मदान ने किया।