Uttrakhand

सल्ट में फिर खिल सकता है कमल? महेश जीना को लेकर 2027 की सियासी चर्चा तेज

सल्ट में फिर खिल सकता है कमल? महेश जीना को लेकर 2027 की सियासी चर्चा तेज

 

स्व. सुरेंद्र सिंह जीना की विरासत और विकास कार्यों के दम पर भाजपा मजबूत स्थिति में

 

देहरादून/सल्ट (अल्मोड़ा) भारत केसरी

 

* उत्तराखंड की सल्ट विधानसभा सीट को लेकर 2027 के विधानसभा चुनावों की राजनीतिक चर्चाएं अभी से तेज होने लगी हैं। भाजपा विधायक **महेश जीना** को लेकर क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि पार्टी एक बार फिर उन पर भरोसा जता सकती है।

 

स्वर्गीय विधायक **सुरेंद्र सिंह जीना** के निधन के बाद हुए उपचुनाव से लेकर अब तक महेश जीना लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने जनता से किए गए विकास के वादों को पूरा करने का दावा करते हुए स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर काम को प्राथमिकता दी है।

 

स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और क्षेत्रीय संतुलन को देखते हुए सल्ट विधानसभा सीट भाजपा के लिए मजबूत मानी जा रही है। क्षेत्र में जीना परिवार की लंबे समय से राजनीतिक पकड़ रही है और 2007 से यह सीट भाजपा के कब्जे में बनी हुई है।

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महेश जीना ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाई है। वहीं भाजपा संगठन भी 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रहा है।

 

हालांकि सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में भाजपा के कुछ विधायकों के टिकट कटने की चर्चाएं भी चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी अपने स्तर पर सर्वे करा रही है, लेकिन ऐसे सर्वे सार्वजनिक नहीं किए जाते।

 

सल्ट सीट को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही माना जा रहा है कि भाजपा 2027 में जीत के समीकरण को देखते हुए महेश जीना पर फिर बड़ा दांव खेलेगी या संगठनात्मक सर्वे के आधार पर कोई नया फैसला लेगी। फिलहाल क्षेत्र में महेश जीना को मजबूत और जिताऊ चेहरा माना जा रहा है।