NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
देहरादून। भारत केसरी
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय करार देते हुए परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

गणेश गोदियाल ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत और मानसिक दबाव के बीच NEET परीक्षा दी थी। उत्तराखंड के लगभग 21 हजार छात्र भी इस परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके अभिभावकों को आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार “परीक्षा पे चर्चा” तो करती है, लेकिन परीक्षा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में कई राष्ट्रीय परीक्षाएं पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण विवादों में रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नकल माफिया और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, परिणामों में देरी और भाई-भतीजावाद जैसे मामले सामने आते रहे हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, छात्रों को राहत देने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की है।
गोदियाल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
