NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक कनेक्शन में देहरादून तक जांच पहुंची
देहरादून भारत केसरी
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक कनेक्शन में देहरादून तक जांच पहुंची

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को आखिरकार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने रद्द कर दिया है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोपों के बीच अब पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी गई है।
इस पूरे मामले में देहरादून कनेक्शन भी सामने आया है। राजस्थान एसओजी ने जांच के दौरान देहरादून से राजेश नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि युवक राजस्थान का रहने वाला है और देहरादून घूमने आया हुआ था। उसे डालनवाला कोतवाली में आमद कराने के बाद राजस्थान ले जाया गया।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं समेत कई जिलों में पेपर लीक हुआ। सूत्रों के मुताबिक 300 सवालों वाला एक संदिग्ध गेस पेपर मिला था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए।
बताया जा रहा है कि पेपर लीक नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। जांच में केरल, नासिक, जयपुर, हरियाणा, देहरादून, बिहार और जम्मू-कश्मीर तक कनेक्शन सामने आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार पेपर नासिक से गुड़गांव के एक डॉक्टर तक पहुंचा और फिर वहां से जयपुर और अन्य इलाकों में फैलाया गया।
राजस्थान एसओजी अब तक 13 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है। जयपुर के मनीष नाम के व्यक्ति से भी पूछताछ जारी है, जिसकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
वहीं परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार परीक्षा रद्द होने और दोबारा एग्जाम कराने से उनका पूरा साल खराब हो रहा है। छात्रों ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा की मांग की है।
NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पहले से किए गए आवेदन, परीक्षा केंद्र और उम्मीदवारों का डाटा मान्य रहेगा। साथ ही किसी तरह की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और जमा की गई फीस वापस की जाएगी।
एजेंसी ने कहा है कि नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
