DEHRADUN

देहरादून में प्रदर्शन के दौरान हंगामे पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

देहरादून में प्रदर्शन के दौरान हंगामे पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

 

देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के मामले में डालनवाला कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 11 मई को ज्योति रौतेला और नर्सिंग बेरोजगार संगठन के सदस्य अपनी मांगों को लेकर प्रतिबंधित पेयजल विभाग की पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नीचे नहीं उतरे और मांगें मनवाने के लिए दबाव बनाते रहे। इस दौरान नीचे मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों ने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की।

 

बताया गया कि 12 मई को ज्योति रौतेला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर यातायात भी बाधित किया। प्रशासन द्वारा बातचीत और आश्वासन के बाद सड़क खुलवाई गई।

 

13 मई को प्रशासन द्वारा मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ पानी की टंकी से नीचे उतरीं। पुलिस ने सरकारी कार्यों में बाधा, सड़क जाम, लोक सेवकों के आदेशों की अवहेलना और आत्मदाह की धमकी जैसे आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है।

 

डालनवाला कोतवाली में मु0अ0सं0-74/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पेट्रोलियम अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है।