Uttrakhand

उत्तराखंड की बाल ठाकरे” बनने का दावा, भ्रष्ट पुलिसकर्मियों और महाठगों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेंगी भावना पांडे

“उत्तराखंड की बाल ठाकरे” बनने का दावा, भ्रष्ट पुलिसकर्मियों और महाठगों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेंगी भावना पांडे

 

Oplus_16908288

 

देहरादून। प्रदेश की चर्चित समाजसेवी और राजनीतिक मामलों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहने वाली भावना पांडे ने भ्रष्टाचार, पुलिस तंत्र और ठगी के मामलों को लेकर बड़ा हमला बोला है। शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांस्टेबल से लेकर एक और दो स्टार स्तर तक कई पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और अब वह ऐसे लोगों के खिलाफ खुलकर आंदोलन छेड़ेंगी।

 

भावना पांडे ने आरोप लगाया कि राज्य में छोटे ठगों से लेकर बड़े स्तर तक ठगी का जाल फैला हुआ है, जिससे उत्तराखंड की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और ठगी ने प्रदेश के वातावरण को दूषित कर दिया है और अब इसे खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर संगठन तैयार किया जाएगा।

https://www.facebook.com/share/v/1CtMhqtjAd/

पत्रवार्ता में उन्होंने खुलासा किया कि हाल ही में उनके साथ कांग्रेस टिकट सर्वे के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी हुई। उनका आरोप है कि कनिष्क सिंह ने खुद को राहुल गांधी का फर्जी पीए बताकर उनसे रकम ठगी। हालांकि शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कनिष्क सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

 

भावना पांडे ने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में एक और बड़ा ठगी नेटवर्क सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कनिष्क सिंह से पैसे वापस कराने के नाम पर कुछ वकीलों और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से उनके नाम पर तीन लाख रुपये की और ठगी की गई। उन्होंने कहा कि उनके पास इसके प्रमाण मौजूद हैं और अब “ठगों से ठगी करने वाले महाठगों” के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक बयानबाजी करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को स्वच्छ, पारदर्शी और जनहितकारी राज्य बनाना है। भावना पांडे ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई नेता व विधायक उनके संपर्क में हैं और उनके अभियान से जुड़ना चाहते हैं।

 

पत्रकार वार्ता के दौरान भावना पांडे ने कहा, “मैं उत्तराखंड की बेटी हूं और अब इस राज्य में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि वह उत्तराखंड में एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा करना चाहती हैं और “उत्तराखंड की बाल ठाकरे” बनकर जनता की आवाज बुलंद करेंगी।