DEHRADUNDM DEHRADUN

कैंसर पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन का सहारा, 71 हजार का कर्ज माफ; 50 हजार की अतिरिक्त मदद

कैंसर पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन का सहारा, 71 हजार का कर्ज माफ; 50 हजार की अतिरिक्त मदद

 

देहरादून: भारत केसरी

आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक परिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। कैंसर पीड़ित पति, दो छोटे बच्चों और कर्ज के बोझ तले दबे परिवार की मदद के लिए जिला प्रशासन आगे आया और 71 हजार रुपये का ऋण माफ कराने के साथ 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।

रायपुर विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी सविन बंसल से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई थी। संध्या के अनुसार उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और हिमालय अस्पताल में उपचाराधीन हैं। लगातार कीमोथेरेपी और इलाज के चलते वह काम करने में असमर्थ हो गए, जिससे परिवार पूरी तरह आर्थिक संकट में आ गया।

 

संध्या ने बताया कि परिवार के भरण-पोषण और स्वरोजगार के लिए वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से कुल 82 हजार रुपये का ऋण लिया गया था। किस्तें जमा न होने के कारण ब्याज सहित करीब 71 हजार रुपये बकाया हो गए थे और बैंक की ओर से लगातार नोटिस भेजे जा रहे थे। परिवार मानसिक तनाव से भी गुजर रहा था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जिला प्रशासन के सीएसआर फंड से 71 हजार रुपये सीधे ऋण खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने को भी कहा गया। इसके अलावा रायफल क्लब मद से डीबीटी के माध्यम से संध्या रमोला के खाते में 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी भेजी गई।

 

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जरूरतमंद और संकटग्रस्त परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाता है, तो जिला प्रशासन अपने स्तर पर मदद सुनिश्चित करेगा।

 

जिला प्रशासन के अनुसार समय-समय पर गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न मदों से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन की यह पहल संवेदनशील शासन व्यवस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण बनकर सामने आ रही है।